Kiara Advani और Sidharth Malhotra के घर फिर गूंजेगी किलकारी! दूसरी प्रेग्नेंसी का किया ऐलान
जुलाई 2025 में बेटी के माता-पिता बने थे कियारा और सिद्धार्थ
बॉलीवुड के पॉपुलर कपल कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा एक बार फिर माता-पिता बनने वाले हैं। कपल ने बुधवार को एक प्यारी सी जॉइंट पोस्ट शेयर कर अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी फैंस के साथ साझा की। पोस्ट में हाथों की एक तस्वीर है, जिसमें Kiara Advani और सिद्धार्थ की बेटी के नन्हे हाथ छोटे-छोटे मोजों की एक जोड़ी पकड़े नजर आ रहे हैं। कैप्शन में लिखा गया, “एक बार फिर सबसे बड़े तोहफे का आशीर्वाद मिला है। हमारे दिल प्यार और आभार से भरे हुए हैं।”
इस पोस्ट के कमेंट सेक्शन में करण जौहर और अथिया शेट्टी ने भी प्यार भरे इमोजी के साथ अपनी प्रतिक्रिया दी।
खास बात यह है कि Shershaah कपल के लिए नन्हे मोजों की तस्वीर एक तरह से खास पहचान बन चुकी है। पहली प्रेग्नेंसी की घोषणा से लेकर अपनी बेटी का नाम बताने तक, कपल ने नन्हे मोजों वाली तस्वीर का इस्तेमाल किया था। इस बार भी उन्होंने इसी अंदाज को दोहराया है।

सिद्धार्थ और कियारा ने 15 जुलाई 2025 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था।
Kiara Advani की डिलीवरी अगस्त में होने की उम्मीद थी, लेकिन बच्ची का जन्म तय समय से पहले हो गया। डिलीवरी के लिए Kiara Advani को मुंबई के गिरगांव इलाके स्थित HN Reliance Hospital ले जाया गया था। कपल ने अपनी बेटी का नाम सारायाह मल्होत्रा (Saraayah Malhotra) रखा है।
कियारा ने पिछले साल Met Gala में भी अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट किया था। इस दौरान उन्होंने गौरव गुप्ता का डिजाइन किया हुआ बेहद शानदार आउटफिट पहना था।
सिद्धार्थ और Kiara Advani ने 7 फरवरी 2023 को राजस्थान के सूर्यगढ़ पैलेस में एक ड्रीमी सेरेमनी में शादी की थी। दोनों की मुलाकात फिल्म Shershaah की शूटिंग के दौरान हुई थी। यह फिल्म 2021 में Amazon Prime Video पर रिलीज हुई थी। शूटिंग के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते को काफी हद तक लोगों की नजरों से दूर रखा था।

Koffee With Karan Season 8 के एक एपिसोड में कियारा आडवाणी ने बताया था कि सिद्धार्थ मल्होत्रा ने उन्हें रोम, इटली में प्रपोज किया था। कियारा ने शो के होस्ट और बॉलीवुड फिल्ममेकर करण जौहर से कहा था, “जब सिद्धार्थ Koffee With Karan के उस एपिसोड में आए थे, तब हम रोम से वापस आए ही थे, जहां उन्होंने मुझे प्रपोज किया था। मेरे माता-पिता वहां नहीं थे। यह मेरी और उनके परिवार के साथ पहली फैमिली हॉलिडे थी।”
Kiara Advani ने उस खास पल के बारे में भी बताया जब सिद्धार्थ ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया। उन्होंने कहा, “मैं बहुत भावुक हो गई थी। फिर उन्होंने Shershaah की लाइनें बोलनी शुरू कर दीं। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली का सीधा-सादा लौंडा हूं’ और फिल्म के पूरे डायलॉग बोलने लगे। मैं जोर से हंस पड़ी।”
वर्कफ्रंट की बात करें तो…
सिद्धार्थ मल्होत्रा को आखिरी बार लोककथा पर आधारित फैंटेसी फिल्म The Vvaan में देखा गया था। वहीं, कियारा आडवाणी आखिरी बार यश की बड़े बजट वाली फिल्म Toxic में नजर आई थीं।
