Germany में महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन हिंसक हुआ! फ्रैंकफर्ट में दुकानों में लूटपाट, पुलिस पर पथराव और आगजनी
Germany में बढ़ती महंगाई और जीवनयापन की लागत के खिलाफ युवाओं का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। फ्रैंकफर्ट में उपद्रवियों ने दुकानों में लूटपाट की और पुलिस के साथ झड़पें हुईं। बर्लिन, कोलोन और हैम्बर्ग में भी हिंसा की घटनाएं सामने आईं। हालात काबू करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
Germany के वित्तीय केंद्र फ्रैंकफर्ट में शनिवार देर रात उपद्रवियों ने कई दुकानों को निशाना बनाया और लूटपाट की। यहां पुलिस के साथ झड़पें भी हुईं। देश के अन्य शहरों में भी हालात बिगड़ गए। इससे पहले जीवनयापन की बढ़ती लागत के खिलाफ हजारों लोगों ने बड़े पैमाने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था।
फ्रैंकफर्ट के अलावा बर्लिन, कोलोन और हैम्बर्ग में भी हिंसा की घटनाएं हुईं। पुलिस के मुताबिक, कुछ प्रदर्शनकारियों ने आतिशबाजी, पत्थरों और बोतलों से आपातकालीन सेवाओं के कर्मचारियों को निशाना बनाया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
इन प्रदर्शनों में हजारों युवाओं ने हिस्सा लिया। इनका आयोजन ‘Gen Z regelt’ नाम के अभियान समूह ने किया था, जिसका मतलब है ‘Gen Z अब जिम्मेदारी संभालेगा’। प्रदर्शनकारियों की मांगों में स्कूलों के लिए पर्याप्त फंडिंग, महंगाई से राहत, सरकारी खर्च में कटौती का विरोध और अनिवार्य सैन्य सेवा का मुद्दा शामिल था।
Germany में यह हिंसा ऐसे समय में हुई है, जब फ्रांस में भी युवाओं के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। शनिवार को वहां भी 3.20 लाख से ज्यादा लोगों ने प्रदर्शन में हिस्सा लिया।
समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, फ्रैंकफर्ट की मुख्य शॉपिंग स्ट्रीट के बड़े हिस्से को पुलिस ने बंद कर दिया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि शहर में कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
फ्रैंकफर्ट, म्यूनिख और बर्लिन के अधिकारियों के मुताबिक, इन शहरों में प्रदर्शनकारियों की संख्या करीब 18,000 तक पहुंच गई थी। हालांकि, यह संख्या आयोजकों की वेबसाइट पर लगाए गए अनुमान से लगभग आधी थी।
‘Gen Z regelt’ की प्रवक्ता लीना फ्रेडरिक ने कहा कि इन प्रदर्शनों का मकसद युद्ध और जबरदस्ती के बजाय शांति और आजादी के लिए आवाज उठाना है।
उन्होंने कहा, “हमारे लिए सबसे जरूरी स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर समर्थन देना है। हम अनिवार्य सैन्य सेवा के खिलाफ हैं और चाहते हैं कि जिम्मेदारियों का बोझ सभी के बीच निष्पक्ष तरीके से बांटा जाए।”

दिन के समय प्रदर्शन काफी हद तक शांतिपूर्ण रहे, लेकिन रात होते-होते स्थिति बिगड़ गई और कई जगह हिंसा शुरू हो गई।
फ्रैंकफर्ट पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि शहर के केंद्र में “हिंसक उपद्रव” हो रहा है। पुलिस के मुताबिक, कई दुकानों की खिड़कियां तोड़ दी गईं और आपातकालीन सेवाओं को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंके गए।
बाद में अधिकारियों ने बताया कि एक हथियारों की दुकान की खिड़कियां भी तोड़ी गईं। एक संदिग्ध को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने दो हथियार जब्त किए।
फ्रैंकफर्ट जिस हेसे राज्य का सबसे बड़ा शहर है, वहां के गृह मंत्री रोमन पोसेक ने दावा किया कि करीब 100 ऐसे वामपंथी चरमपंथियों की पहचान हुई है, जिन्होंने प्रदर्शन में घुसपैठ की थी। उन्होंने प्रदर्शन के हिंसक अंत को शर्मनाक बताया।
पोसेक ने कहा, “हम सभी के दिमाग में फ्रांस की तस्वीरें हैं, जहां दुकानों में लूटपाट हुई, घरों और पुलिस की गाड़ियों को जलाया गया और पुलिस अधिकारियों पर हमले किए गए। इस मामले में फ्रांस को किसी भी तरह से उदाहरण के तौर पर पेश नहीं किया जाना चाहिए।”
Also Read :-https://newzdig.com/russia-job-scam-bilaspur-youth/
Q1. Germany में विरोध प्रदर्शन क्यों हुए?
Germany में युवाओं ने बढ़ती महंगाई, स्कूलों की फंडिंग में कमी, सरकारी खर्च में कटौती और अनिवार्य सैन्य सेवा के खिलाफ प्रदर्शन किया।
Q2. Germany में हिंसा किन शहरों में हुई?
फ्रैंकफर्ट, बर्लिन, कोलोन और हैम्बर्ग में हिंसा की घटनाएं सामने आईं।
Q3. फ्रैंकफर्ट में प्रदर्शन के दौरान क्या हुआ?
फ्रैंकफर्ट में कई दुकानों की खिड़कियां तोड़ी गईं, लूटपाट हुई और आपातकालीन सेवाओं पर पेट्रोल बम फेंके गए।
Q4. Germany के प्रदर्शन में कितने लोग शामिल हुए?
अधिकारियों के अनुसार फ्रैंकफर्ट, म्यूनिख और बर्लिन में कुल मिलाकर करीब 18,000 प्रदर्शनकारी शामिल हुए।
Q5. Germany में प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने क्या किया?
पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कई लोगों को गिरफ्तार किया।
