टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है और इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिला है। टीम इंडिया के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है, जबकि स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को टीम में जगह नहीं मिली है। शुभमन गिल एशिया कप 2025 में उपकप्तान थे, लेकिन खराब फॉर्म के चलते इस बार चयन से बाहर हो गए।
शुभमन गिल के बाहर होने के बाद संजू सैमसन के अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने की उम्मीद है। वहीं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करते हुए झारखंड को खिताब दिलाने वाले ईशान किशन ने 15 सदस्यीय टीम में वापसी की है।

शुभमन गिल के अलावा विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा को भी टीम से बाहर कर दिया गया है। ईशान किशन ने विस्फोटक फॉर्म के दम पर जोरदार कमबैक किया है। वहीं, रिंकू सिंह भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3-1 से जीती गई सीरीज से बाहर रहने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में लौट आए हैं।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा, “हम टीम कॉम्बिनेशन पर ध्यान दे रहे हैं। हमारा विचार एक अतिरिक्त विकेटकीपर रखने का था। शुभमन गिल बेहतरीन खिलाड़ी हैं, उनका बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन हमें यही संयोजन सही लगा। ईशान ऊपर बल्लेबाजी करते हैं, अच्छी फॉर्म में हैं और पहले भारत के लिए खेल चुके हैं।”

उन्होंने आगे कहा, उन्होंने आगे कहा, “पहले जुरेल और पंत उनसे आगे थे। अब संजू सैमसन और ईशान टॉप ऑर्डर में बल्लेबाज़ी कर रहे हैं। फिलहाल हम इसी कॉम्बिनेशन पर काम कर रहे हैं और इस समय ईशान हमारे लिए सबसे बेहतर विकल्प हैं।”
मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन 7 फरवरी से 8 मार्च तक किया जाएगा। 20 फरवरी तक 40 ग्रुप मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी, जिसकी शुरुआत 21 फरवरी से होगी।
भारत और श्रीलंका दूसरी बार संयुक्त रूप से इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं। इससे पहले श्रीलंका ने 2012 में और भारत ने 2016 में टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद भारत 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 मैच खेलेगा, जो नागपुर से शुरू होंगे।
टी20 वर्ल्ड कप में डिफेंडिंग चैंपियन भारत को ग्रुप A में पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड्स और नामीबिया के साथ रखा गया है। टीम इंडिया इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी—खिताब को डिफेंड करने वाली पहली टीम बनने, घरेलू धरती पर ट्रॉफी जीतने और तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम करने के लक्ष्य के साथ।
भारत 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा। इसके बाद 12 फरवरी को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया से भिड़ेगा।
भारत-पाकिस्तान का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। लीग चरण का आखिरी मैच भारत 18 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नीदरलैंड्स के खिलाफ खेलेगा।
